सिमडेगा: झारखंड के सिमडेगा जिला अंतर्गत बोलबा थाना की पुलिस को नशे के सौदागरों के विरूद्ध एक बार फिर बड़ी करवाई की है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गांजा की तस्करी में संलिप्त दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं साढ़े 38 लाख रुपये के 77 किलो गांजा जब्त किया गया है। इस बाबत एसपी डॉ. शम्स तब्रेज ने प्रेस वार्ता कर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय अपराध नियंत्रण अभियान के लिए चलाए जा रहे वाहन चेकिंग के दौरान उक्त करवाई की गई। बोलबा थाना गेट पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी क्रम में महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन(जेएच 03एस-6239) को रोकने का प्रयास किया गया तो गाड़ी रुकते ही उसमें सवार दो लोग तेजी से उतरकर भागने की कोशिश की। लेकिन मौके पर मुस्तैद पुलिस ने दोनों को दौड़कर दबोच लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना नाम मनीष कुमार साहू-सुंदरगढ़ निवासी तथा देवेंद्र सबर सम्बलपुर निवासी बताया।
तलाशी के दौरान गाड़ी पर दो नंबर प्लेट मिले। वहीं पिकअप के डाला के नीचे बने चैंबर में भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। दोनों आरोपितों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर झारखंड व बिहार होते नेपाल तक ले जाते।एसपी ने बताया कि जब्त हुई गांजा का वजन 77 किलो है।इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 38.5लाख रुपये है। एसपी ने इस बड़ी कार्रवाई के लिए बोलबा थाना प्रभारी मनीष कुमार समेत पूरी टीम की प्रशंसा की और उन्हें नकद पुरस्कार प्रदान किया।एसपी ने कहा कि अगर अपराधी डाल-डाल चलेंगे तो पुलिस पात-पात जाकर उनपर नकेल कसेगी। एसपी ने कहा कि पुलिस ने लगातार गांजा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई की है।विगत 8 माह में कुल 1721.35 किलो गांजा जब्त की है।कुल 26 गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।वहीं 12 वाहन भी जब्त किए गए हैं।

