बेरमो: बेरमो खटाल स्थित अन्नपूर्णा फैमिली रेस्टोरेंट में शुक्रवार की देर रात चोरों ने खिड़की तोड़ चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने रेस्टोरेंट से 10 हजार रुपये नगद, एक बाइक, फ्रिज, एलईडी टीवी, कंप्यूटर, पंखा, खाद्य सामग्री सहित अन्य सामान चुरा लिये। रेस्टोरेंट के मालिक बालेश्वर केवट ने गांधीनगर थाना में नगदी सहित ढाई लाख की संपत्ति चोरी होने की लिखित शिकायत की है।
बताया कि शुक्रवार देर रात रेस्टोरेंट बंद कर घर चले गए थे। शनिवार की सुबह जब आए तो देखा अंदर खड़ी बाइक सहित अन्य सामान गायब थे। रेस्टोरेंट के पीछे की खिड़की व दरवाजा खुला हुआ था। खिड़की की जाली तोड़ नीचे फेंकी हुई थी। बालेश्वर केवट ने गांधीनगर थाना की पुलिस को बताया कि चोरी हुई बाइक (जेएच09 एस-7571) कुछ दिन पहले ही अपने दोस्त बिनोद केवट से ली थी। जानकारी मिलने पर गांधीनगर थाना के एएसआइ संजय कुमार ने दलबल के साथ होटल पहुंचकर घटना का जायजा लेते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

