हजारीबाग पुलिस ने लोगों से अफवाह फैलानेवालों की सूचना देने की अपील की है. साथ ही किसी भी तरह के झूठे वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करने को कहा है. कहा कि लोग किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें. वहीं, सूचना देनेवालों की पहचान गुप्त रखे जाने की बात कही है. पुलिस ने इस संबंध में ट्विटर पर पोस्ट साझा किया है.
बता दें कि गत 6 फरवरी, 2022 को हजारीबाग जिला अंतर्गत बरही क्षेत्र के दुलमुंहा गांव में दो पक्षों में मारपीट हुई थी. इस मारपीट में एक युवक की मौत हो गयी थी. इससे गुस्साए लोगों ने कई वाहनों को आग के हवाले किया. इसके बाद से स्थिति तनावपूर्ण बनी थी, लेकिन पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया था. वहीं, कोडरमा के मरकच्चो में भी मां सरस्वती प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्षाें के बीच झड़प हुई थी.
इसी मामले को देखते हुए हजारीबाग पुलिस ने लोगों से अपील ट्विटर पर पोस्ट कर की है. पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह के झूठे वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करने की अपील की. साथ ही भड़काऊ वीडियो पोस्ट करनेवाले लोगों की सूचना तत्काल पुलिस देने को कही है, ताकि कड़ी कार्रवाई की जा सके.
किसी अफवाह पर ना दें ध्यान
पुलिस ने लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. कहा कि अफवाह फैलानेवाले की जानकारी तत्काल हमें दें. वहीं, सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जायेगी. हजारीबाग पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर कई तरह के तथ्यहीन, झूठे और हिंसक वीडियो पोस्ट कर समाज में अशांति फैलाने का कार्य कुछ उपद्रवी तत्वों द्वारा किया जा रहा है. पुलिस द्वारा वैसे तत्वों को चिह्नित कर उनके ऊपर कानूनन कार्रवाई की जा रही है.

