अरब सागर की गर्म हवा और बंगाल की खाड़ी में बने नमी के बादल के कारण झारखंड का मौसम गर्म हो गया है। इन दोनों कारणों से लोगों को भीषण उमस वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार जल्द ही उमस भरी मौसम से राज्य के लोगों को राहत मिलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रांची और आसपास के इलाके में आज आकाश में बादल छाये रहेंगे। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी। दोपहर बाद बादल छाने से कहीं-कहीं वज्रपात के असार है। मौसम विभाग की माने तो दोपहर के बाद राजधानी सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। झारखंड में मॉनसून का प्रवेश 10 से 12 जून तक रू मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया है कि अरेबियन सागर से होते हुए मॉनसून केरल से कर्नाटक पहुंच गया है। इसके अगले दो से तीन दिन में गोवा व मुंबई पहुंचने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी से चली मॉनसून की हवा बादल के साथ नगालैंड पहुंच गयी है। इसके पांच से 6 जून तक सिक्किम व दार्जिलिंग के पहुंचने की पूरी उम्मीद है। धीरे- धीरे यह पश्चिम बंगाल होते हुए बिहार व झारखंड में प्रवेश कर जायेगा। झारखंड में मॉनसून के 10 से 12 जून तक प्रवेश करने की पूरी संभावना है।
इधर, मौसम में जिस तरह से लगातार परिवर्तन हो रहा है। उसके मुताबिक लोगों को अभी भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा। ऐसी स्थिति तब तक रहेगी, जब तक मॉनसून का प्रवेश राज्य में नहीं हो जाता है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बन रही परिस्थिति के मुताबिक कल 4 जून को भी झारखंड के कई हिस्सों में हल्की व मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस समय झारखंड के कई हिस्सों में रुक-रुक कर प्री मानसून की बारिश हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून का प्रवेश देश के पूर्वोत्तर हिस्से में हो चुका है। दक्षिण-पश्चिम मानसून बंगाल की खाड़ी के रास्ते पूर्वोत्तर भारत में दाखिल हो गया है। आगामी दो दिनों में असम व मेघालय में भारी बारिश की संभावना है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, बंगाल की खाड़ी के उत्तरपूर्व और पूर्व मध्य हिस्सों के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा है। यह मिजोरम, मणिपुर और नगालैंड के अधिकतर हिस्सों तक पहुंच चुका है।

