खूंटी: भारत सरकार में जनजातीय कार्य मंत्री एवं खूंटी के सांसद अर्जुन मुंडा के प्रतिनिधि रविवार को सड़क हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में 2 लोग घायल हुए हैं। घटना खूंटी में चुरकी टोंगरी के पास हुई। इस दौरान अनियंत्रित कार एक घर के दीवार से टकरा गई। कार में सांसद के विद्युत विभाग जिला प्रतिनिधि नीरज पाढ़ी तथा भाजपा डिजिटल इंडिया प्रकोष्ठ से जुड़े दीपक तिग्गा सवार थे। दोनों खूंटी-सिमडेगा रोड से होकर भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। बताया गया कि दुर्घटना के बाद कार का शीशा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया।
घायल अवस्था में दोनों लोगों को बाइक से रेफरल अस्पताल तोरपा पहुंचाया। वहां से बेहतर इलाज के लिए रांची के आर्किड अस्पताल भेज दिया गया। सांसद प्रतिनिधि नीरज पारी के सिर और दीपक तिग्गा के पैर में चोट लगी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ता घायलों को देखने पहुंचे। इस दौरान मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों की हालत में फिलहाल सुधार है।
तोरपा अस्पताल में नहीं था कोई चिकित्सक
घायलों को इलाज के लिए लेकर पहले तोरपा रेफरल अस्पताल पहुंचे लोगों ने बताया कि अस्पताल में कोई चिकित्सक अथवा नर्स मौजूद नहीं था। अस्पताल में काम करने वाले सफाई कर्मी ने ही दोनों नेताओं को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई। इसके बाद भाजपा नेता सुबोध जायसवाल घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची लेकर गए।

