रांची। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू सोमवार 4 जुलाई को रांची आएंगी। बीजेपी नेताओं ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है।
एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाये जाने के बाद द्रौपदी मुर्मू देश के विभिन्न राज्यों का दौरा कर सभी सांसदों और विधायकों से समर्थन की अपील कर रही है। सूत्रों के मुताबिक इसी क्रम में द्रौपदी मुुर्मू एक दिवसीय दौरे पर 4 जुलाई को रांची आएगी। इस दौरान वह विभिन्न राजनीतिक दल के नेताओं से मुलाकात करेंगी। बीजेपी और आजसू पार्टी के अलावा निर्दलीय विधायकों से भी द्रौपदी मुर्मू समर्थन का आग्रह कर सकती है।
वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के कुछ विधायकों ने भी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की वकालत की है। हालांकि जेएमएम की ओर से अभी तक राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपना स्टैंड स्पष्ट नहीं किया गया है। परंतु जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हाल ही में नई दिल्ली के दौरे के क्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और इस मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति चुनाव के मसले पर भी चर्चा होने की बात सामने आयी थी। हालांकि हेमंत सोरेन ने पिछले दिनों दिल्ली दौरे के क्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात की थी।
द्रौपदी मुर्मू छह वर्षाें से अधिक समय तक झारखंड की राज्यपाल रह चुकी है और झारखंड के तमाम दलांे के बड़े नेताओं से उनका परिचय रहा है और यही कारण है कि झारखंड में बीजेपी के विरोध में हेमंत सरकार के नेतृत्व में चल रही यूपीए सरकार में शामिल कई आदिवासी विधायक खुलकर द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की बात कह रहे हैं।

