कोडरमा : शुक्रवार को एसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब की अध्यक्षता में तिलैया थाना में ट्रैफिक की समस्या एवं सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक आहूत की गयी. बैठक में झुमरीतिलैया नगर परिषद अंतर्गत यातायात सुविधा को सुगम बनाने को लेकर विस्तृत रूप से विचार-विमर्श किया गया.
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश देते हुए कहा कि शहर के अंदर ठेला व सब्जी बाले को ब्लॉक मैदान में शिफ्ट करना सुनिश्चित करेंगे. साथ ही ऑटो वालों को महाराणा प्रताप चौक के पास शिफ्ट करने का निर्देश दिया. जिससे शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके.
मौके पर गोपनीय प्रभारी जयपाल सोय, जिला परिवहन पदाधिकारी भगीरथ प्रसाद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार, अंचल अधिकारी अनिल कुमार, थाना प्रभारी तिलैया द्वारिका राम, ट्रैफिक प्रभारी अजय सिंह, टेंपो एसोसिएशन के अध्यक्ष कामेश्वर महतो, उपाध्यक्ष दीपक विश्वकर्मा, बस ऑनर्स एसोसिएशन के महासचिव मनोज सहाय पिंकू, चेंबर ऑफ कॉमर्स के रामरतन महर्षि, बस एसोसिएशन के राजा यादव, पवन यादव मौजूद थे.
बैठक में निर्णय लिया गया कि महाराणा प्रताप चौक से सुभाष चौक तक शहर के भीतर ई-रिक्शा चलेंगे. ई-रिक्शा हाईवे पर नहीं चलेंगे. शहर में ऑटो के परिचालन को लेकर इन्हें दो कैटेगरी में बांटा गया है. जिसके पहचान के लिए ऑटो एसोसिएशन के द्वारा वाहनों में स्टीकर लगाया जाएगा. जिसमें ग्रीन और रेड कैटेगरी शामिल है.

