धनबाद : कोरोना की तीसरी लहर को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुए हैं। लहर कब आएगी, इसे लेकर भी फिलहाल कुछ कहा नहीं जा सकता है। पर संभावित तीसरी लहर से बचने को रेलवे ने तैयारी शुरू कर दी है। इस लहर के दौरान रेलवे कर्मचारियों को ऑक्सीजन के लिए भागदौड़ नहीं करनी होगी। इसके लिए रेलवे अपने हॉस्पिटल कैंपस में ही ऑक्सीजन प्लांट लगाएगी। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित कंपनी को रेलवे की ओर से ऑर्डर जारी कर दिया गया है। अगले 15 दिनों के अंदर ही ऑक्सीजन प्लांट के निर्माण की प्रक्रिया रफ्तार ले लेगी।
अप्रैल में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन को लेकर काफी मारामारी जैसी परिस्थिति उत्पन्न हो गई थी। अस्पतालों में ऑक्सीजन नहीं मिलने से मौतें भी हो रही थी। हालात भयावह और बेकाबू हो गए थे। ऑक्सीजन की मांग इस कदर बढ़ गई थी कि रेलवे को मालगाड़ियों से ऑक्सीजन आपूर्ति शुरू करनी पड़ी। देश के अलग-अलग हिस्सों में ऑक्सीजन स्पेशल ट्रेन चलानी पड़ी। धनबाद से सटे बोकारो जिले से देश के कई राज्यों को ऑक्सीजन भेजा भी गया। अब अगर तीसरी लहर आती है तो उस दौरान ऐसी परिस्थिति का सामना ना करना पड़े इसके मद्देनजर ही रेलवे ने ऑक्सीजन प्लांट लगाने का निर्णय लिया है। रेलवे हॉस्पिटल परिसर में इसके लिए स्थल पहले ही चयनित की कर लिया गया है। अस्पताल के मर्चरी के पास खाली जमीन में ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण होगा।
ऑक्सीजन प्लांट के निर्माण को लेकर अप्रैल से ही तैयारियां चल रही हैं। डीआरएम आशीष बंसल विभागीय अधिकारियों के साथ कई चरणों की बैठक भी कर चुके हैं। बैठक के दौरान ही मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और मैकेनिकल विभाग के अधिकारियों को ऑक्सीजन प्लांट के लिए स्थल चयन करने और निर्माण काम की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए टेंडर भी जारी हुआ था पर पहले चरण के टेंडर में किसी ठेकेदार ने रुचि नहीं दिखाई थी। बाद में रीटेंडर किया गया और इस बार टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जिस कंपनी ने टेंडर लिया है। रेलवे ने उसे जल्द से जल्द काम शुरू करने संबंधी दिशा निर्देश भी जारी कर दिया है। रेल पीआरओ पीके मिश्रा की मानें तो इस महीने के अंत तक ऑक्सीजन प्लांट लगाने का काम शुरू हो जाएगा। इससे पहले पूर्व मध्य रेल में के दानापुर रेल मंडल में शुक्रवार को ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन हुआ। दानापुर के डीआरएम ने ऑक्सीजन प्लांट की शुरुआत कराई। अब धनबाद रेल मंडल ने भी इसके लिए पूरी ताकत झोंक दी है।

