खूंटी: झारखंड पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में गुरुवार को खूंटी जिले के तीन प्रखंड कर्रा, तोरपा और रनिया में सुबह सात बजे से अपराह्न तीन बजे तक मतदान होगा। मतदान के लिए बुधवार को सभी मतदान कर्मचारी मतदान सामग्री के साथ बूथों की ओर रवाना कर दिए गए हैं।
193 पदों के लिए 485 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग
जिले के तीनों प्रखंडों के 485 मतदान केंद्रों पर 193 पदों के लिए मतदान होगा। द्वितीय चरण में कर्रा, तोरपा व रनिया प्रखंड के लिए जिला परिषद सदस्य के पांच पद, पंचायत समिति सदस्य के 28 पद, ग्राम पंचायत मुखिया के 42 पद और वार्ड सदस्य के 118 पद है। तीनों प्रखंड में मतदाताओं की कुल संख्या 185980 है, जिनमें पुरूष मतदाता 91929 व महिला मतदाता 94051 हैं। दूसरे चरण के मतदान के लिए कुल 485 मतदान दल गठित किए गए हैं, जिनमें 1940 मतदानकर्मी शामिल हैं। जबकि 10 प्रतिशत मतदान दल को सुरक्षित रखा गया है। इनमें कर्रा के 220, रनिया के 79 और तोरपा 186 पोलिंग पार्टी शामिल हैं।

