खूंटीः मुरहू थाना क्षेत्र के माहिल गांव में एक घर के छप्पर पर रखा बम मंगलवार सुबह फट गया. बम धमाके की आवाज आसपास के कई गांवों में सुनाई दी. इसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को रिम्स में भर्ती कराया गया है. बम विस्फोट में घायल होने वाले का नाम सेवानिवृत्त फौजी बुधराम मुंडा और एक ग्रामीण रंजीत लोहरा हैं. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया है.
बता दें कि माहिल में डेयरी के पास एक घर की छत पर पार्सल रखा हुआ था. पार्सल में गंगाराम मुण्डा और उसके गांव का पूरा पता लिखा हुआ था. गंगाराम की भाभी ने उस पार्सल को हिला डुलाकर देखा तो उसे कुछ समझ में नहीं आया. इस पर उस पार्सल को उसने उसी छत पर छोड़ दिया. इस बीच गांव के कुछ युवक उत्सुकतापूर्वक उसे देखने चले आए और थोड़ी दूर ले जाकर उसे खोलने की कोशिश की. इसी क्रम में बम ब्लास्ट हो गया.
इस विस्फोट में रिटायर्ड आर्मी जवान और एक युवक चपेट में आ गए. बम ब्लास्ट में युवक रंजीत लोहरा का हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया, जबकि रिटायर्ड जवान बुधराम मुंडा के पेट में भी जख्म हो गए हैं. हादसे के बाद दोनों घायलों को खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया. यहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को रिम्स रेफर कर दिया गया. इन दोनों का इलाज रिम्स के इमेरजेंसी वार्ड में चल रहा है. घटना को लेकर मुरहू थाना पुलिस जांच में जुटी है.
जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद अभियान एएसपी रमेश कुमार, एसडीपीओ अमित कुमार, इंस्पेक्टर शाहिद रजा और मुरहू थाना प्रभारी विक्रांत कुमार गांव पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया. वहीं, ग्रामीणों से पूछताछ की. शाम में MSL की टीम भी जांच के लिए पहुंची. पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी हुई थी. इधर, घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है. इस संबंध में एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि जांच किया जा रहा है. जहां के बाद ही कुछ पता चलेगा.

