झारखंड के गिरिडीह में ग्रामीणों ने एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी। आरोप है कि यह युवक अपने साथियों के साथ गुरुवार की रात चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए एक घर में घुसा था। इसी दौरान सामान गिरने से आवाज हुई। घर के लोग जग गए। तीनों युवकों ने भागने का प्रयास किया। शोर सुनकर एकत्र हुए ग्रामीणों ने इनमें से एक को पकड़ लिया। भीड़ ने इसे बुरी तरह पीटा। इसमें युवक की मौत हो गई। घटना बगोदर थाना क्षेत्र के खेतको गांव की है।
14 लोगों पर हुई एफआइआर, 6 गिरफ्तार
SDPO नौशाद आलम ने बताया कि इस घटना में मरने वाले युवक की पहचान सुनील पासी पिता रामानंद पासी के रूप में की गई है। उसकी उम्र लगभग 35 वर्ष थी। इस मामले में 14 लोगों पर नामजद एफआइआर दर्ज की गई है। इसमें से 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।जगदीश महतो,दशरथ महतो,नारायण महतो,गजाधर महतो, धनश्याम महतो व हीरालाल महतो शामिल हैं। आरोप है कि युवक दशरथ महतो के घर चोरी के उद्देश्य से घुसा था।
दरअसल गिरिडीह जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हाल के कुछ दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। इससे लोग काफी परेशान है। पुलिस में मामला दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीण इलाकों में आक्रोश बढ़ रहा है। गुरुवार को जैसे ही लोगों को जानकारी मिली कि गांव में चोर प्रवेश कर गए हैं। ग्रामीण लाठी-डंडें के साथ जुट गए। इसी दौरान तीन युवक एक घर से भागते हुए दिखे। ग्रामीणों ने तीनों का पीछा गया। इस दौरान एक युवक उनके हत्थे चढ़ गया। इसे आक्रोशित लोगों ने खूब पीटा। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने युवक को गांव से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने युवक की जांच करने के बाद इसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा विनय कुमार ने युवक के मौत की पुष्टि की।
दो घरों में हुई चोरी
बगोदर थानाा क्षेत्र के अलावा गावां थाना क्षेत्र के बगदेडीह बढई टोला में देर रात चोरों ने दो घर में घुसकर हज़ारों रुपए संपति की चोरी कर ली है। चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर पैसे निकाल लिए। घटना के बाद परिजनों ने गावां थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की जांच की मांग की है।

