पालकोट थाना क्षेत्र के पीढ़ाचट्टान निवासी नुवास एक्का ( 50) की हत्या गुरुवार की रात टांगी से काटकर कर दी गई। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारा मौके फरार हो गया है। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। घटना की सूचना पर शुक्रवार की सुबह बसिया इंस्पेक्टर विनोद कुमार थाना प्रभारी राहुल झा मौके पर पहुंचे और नुवास के स्वजनों से पूछताछ की। हत्या किसने व क्यों की- इसका पता नहीं लग पाया है।
शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक नुवास एक्का की पत्नी रोजिना एक्का ने बताया कि उसका पति किसान था। वह गुरुवार की रात खाना खाने के बाद घर के बाहर स्थित एक चट्टान के ऊपर सोने चला गया। नुवास एक्का ने गुरुवार की रात शराब भी पी रखी थी। रात में ही किसी ने उसकी हत्या टांगी से काटकर कर दी। शुक्रवार की सुबह जब पानी लाने के लिए महिलाएं जा रही थी तो उन्होंने देखा कि नुवास एक्का की मौत हो चुकी है।
घटना की सूचना गांव के ग्रामीणों को मिली तो मौके पर भीड़ जुटने लगी और पुलिस को सूचना मिलते ही कुछ देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पालकोट पुलिस हत्यारे की पहचान करने में जुट गई है। गांव के कई लोगों से पुलिस ने पूछताछ की। वहीं गुरुवार को शराब किस किस के साथ बैठकर नुवास एक्का ने पिया था उसकी तलाश पुलिस कर रही है। पालकोट थाना प्रभारी राहुल झा ने बताया कि टांगी से काटकर वृद्ध की हत्या की गई है। हत्या किन कारणों से हुई है इसका पता नही चल पाया है। जल्द ही पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए हत्यारा को गिरफ्तार करेगी।
