चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर निवासी गोपाल ठाकुर की सोमवार देर रात चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। उनका शव पड़ोस के सेरद गांव के खेत से बरामद किया गया है। गोपाल ठाकुर झाड़-फूंक यानी ओझागिरी का काम करते थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया है। हत्या के इस मामले में पुलिस कई पहलुओं पर तहकीकात कर रही है।
रात में शौच करने के लिए निकले थे घर से
जानकारी के अनुसार, गोपाल ठाकुर सोमवार की रात शौच करने जाने की बात कह कर घर से निकले थे। काफी देर बाद भी जब वह घर नहीं लौटे तो स्वजन ने इस बात की जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के पश्चात थाना प्रभारी निरंजन मिश्रा पुलिस बल के साथ कल्याणपुर गांव पहुंचे। खोजबीन के दौरान पुलिस ने गोपाल ठाकुर का खून से लथपथ शव पड़ोस के सेरद गांव के खेत से बरामद किया।
सुनियोजित तरीके से की गई है ओझा की हत्या
थाना प्रभारी निरंजन मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टि यह मामला सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है। लेकिन हत्या किस उद्देश्य से की गई है, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से तहकीकात कर रही है।
हत्यारों का पता लगाने में जुटी पुलिस
हत्या के इस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय केदारनाथ राम ने थाना परिसर में कुछ संदेहास्पद लोगों से पूछताछ भी की है। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया है कि हत्यारे को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस शीघ्र ही हत्यारे को पकड़ लेगी। दूसरी ओर हत्या के इस मामले को लेकर मृतक के परिजनों ने कुछ लोगों को स्थानीय थाना में आवेदन देकर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में जांच के पश्चात ही कार्रवाई की जाएगी।

