झारखंड के देवघर के जसीडीह इलाके में सोमवार की सुबह एक युवक की अधजली लाश बरामद की गई है। मामला जसीडीह थाना क्षेत्र के हटिया रोड स्थित देव मेडिकल गली का है। युवक का शव घर के पास छत के ठीक नीचे खाली जमीन पर पड़ा हुआ था। सुबह जैसे ही लोगों की नजर पड़ी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही SP सुभाष चंद्र जाट, SDPO पवन कुमार,जसीडीह थाना प्रभारी विक्रम प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। जांच के बाद युवक की पहचान अर्नब विशाल के रूप में की गई।
बताया गया कि छात्र IIT में दाखिले के लिए तैयारी कर रहा था। वह पढ़ाई को लेकर पिछले कुछ समय से काफी तनाव में था। SP सुभाष चंद्र जाट ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। मामले की छानबीन की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से परीक्षा की तैयारी कर रहा था। युवक ने पहले आत्मदाह के लिए अपने शरीर में आग लगाई। इसके बाद छत से छलांग लगा दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जांच में पता चला है कि वर्तमान में युवक चकाई मोड़ स्थित अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहता था। पिता गोड्डा SBI में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। एक माह पहले ही हटिया रोड में पिता के द्वारा नया मकान बनाकर गृह प्रवेश किया गया था। सोमवार सुबह युवक अपने किराये के मकान से मॉर्निंग वॉक करते हुए नए घर में गया। छत के ऊपर चढ़कर दो बोतल केरोसिन अपने शरीर में डाल लिया। अपने शरीर में आग लगाकर नीचे छलांग लगा दी। स्थानीय ने पहले फायरब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। स्थानीय लोग भी आग बुझाने के लिए दौड़े लेकिन तब तक युवक का शरीर राख हो चुका था। मौके पर से केरोसिन की दो बोतलें भी बरामद की गई है। वह घर के आगे के हिस्से में कूदा और मुंह के बल गिरा।
