जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के एक अंग्रेजी माध्यम के नीजी स्कूल में भालूबासा मस्जिद लाइन लिली बेकरी के पास फिरोज नामक व्यक्ति के मकान में किराएदार खेल शिक्षक परवेज आलम उर्फ परवेज अहमद खान ने आठवीं कक्षा के छात्र के साथ स्पोर्ट्स किट रखने वाले कमरे में ले जाकर बीते गुरुवार को अप्राकृतिक यौनाचार किया। साथ ही टीचर ने छात्र को घटना के बारे में किसी को नहीं बताने की धमकी भी दी।
वहीं घटना से छात्र पूरी तरह सदमे में आ गया और रविवार की रात्रि लगभग 10:30 बजे बहन की चुनरी के सहारे पंखे से लटक कर आत्महत्या करने की कोशिश की। मगर परिजनों की तत्परता के कारण उसकी जान बच गई। जिसके बाद उसने परिजनों के सामने मामले का खुलासा किया। खुलासा करते हुए उसने गुरुवार को खुद के साथ घटी आपबीती परिजनों को बताई। साथ ही छात्र ने कहा कि टीचर ने उसे घटना के बाद बहन को फेल कर देने और उसे छत से फेंक देने की धमकी भी दी। जिससे वह काफी डर गया था। घटना से वह अंदर ही अंदर घुटता रहा। जबकि घटना के बाद जब वह स्कूल की सिढ़ी में बैठकर रो रहा था, तब उसकी क्लास टीचर समेत अन्य शिक्षकों ने उससे रोने का कारण भी पूछा था। मगर उसने खेल शिक्षक द्वारा धमकाए जाने के कारण किसी से कुछ नहीं कहा।
मामले का पता चलने पर सोमवार की सुबह छात्र के पिता समेत विहिप और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे। जहां उन्होंने प्रिंसिपल से मिलकर बात रखनी चाहिए। मगर किसी कारणवश उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। वहीं घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपी स्कूल के खेल शिक्षक परवेज अहमद खान को पकड़ा और उसकी पिटाई करते हुए पैदल ही कदमा थाना तक लेकर पहुंचे। जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। साथ ही छात्र के पिता ने थाने में आरोपी के विरुद्ध घटना की लिखित शिकायत भी की। जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सोमवार को उसे जेल भेज दिया। पीड़ित छात्र के पिता होटल लाइन से जुड़े हुए हैं।

