जमशेदपुर से सटे कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर की रहने वाली 17 वर्ष की नाबालिग लड़की घर से 16 लाख रुपए लेकर लापता हो गई है। परिजनों ने धनबाद के एक युवक पर नाबालिग के अपहरण का आरोप लगाया है। गुरुवार को परिवार के लोग अपनी शिकायत लेकर SSP कार्यालय पहुंचे।
परिवार के लोगों ने वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर नाबालिग को जल्द खोजने का आग्रह किया। परिजनों ने दावा किया कि उन्होंने पहले इस मामले में थाने में गुहार लगाई लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। बताया कि नाबालिग लड़की गत 5 जनवरी से लापता है। 8 जनवरी को थाना में मामले की शिकायत की गई। पिता ने बताया कि बेटी की दोस्ती सोशल मीडिया के माध्यम से धनबाद में रहने वाले एक युवक से हो गई थी। परिवार को आशंका है कि संबंधित युवक ने ही बेटी को अपने जाल में फंसा कर उसका अपहरण कर लिया है। लड़की 5 जनवरी को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी लेकिन वह वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिवार के लोगों ने लड़की की तलाश शुरू की। उसका कहीं कोई पता नहीं चला।
परिवार ने जरूरी काम के लिए घर में 16 लाख रुपये रखे थे। वह पैसे आलमारी से गायब मिले। परिवार के लोग बेटी को खोजने धनबाद गए थे लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। पिता को डर है कि युवक पैसे के लालच में बेटी की हत्या कर सकता है।

