गढ़़वा जिले के श्री वंशीधर नगर में हैरान करने वाला मामला आया है। श्री वंशीधर नगर थाना क्षेत्र के मर्चवार गांव में शुक्रवार को विषाक्त तिल का लड्डू खाने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। वहीं दो लड़कियां बीमार हो गई हैं। जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम अस्पताल पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया । 48 घंटे पहले भी इलाके में विषाक्त लड्डू खाने से एक बच्चे की मौत हो चुकी है। 3 बच्चे बीमार हो गए थे। उनकी स्थिति फिलहाल ठीक है।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय अधौरा में रसोईया का कार्य करने वाली सरिता कुंवर पति स्व विजय राम को गुरुवार को घर आने के दौरान रास्ते में एक पॉलिथीन मिला। इसमें 8-10 तिल के लड्डू व चूड़ा रखा हुआ था। महिला इसे उठाकर घर ले आई। महिला ने शुक्रवार की सुबह अपने परिवार की तीन बच्चियों 6 वर्षीय अनुष्का कुमारी, 4 वर्षीय हर्षिता कुमारी व 11 वर्षीय रीमा कुमारी को तिल का लड्डू दिया। इसी दौरान पड़ोस की रहने वाली एक लड़की रीमा कुमारी भी घर आ गई। महिला ने उसे भी लड्डू दे दिया।
लड्डू खाने के बाद रीमा, अनुष्का व रिया स्कूल चली गईं। वहां अनुष्का नीचे गिर कर छटपटाने लगी। यह देख रिया कुमारी ने घर आकर मां को घटना की जानकारी दी। कुछ देर के बाद रिया की भी तबीयत बिगड़ गई। घर में मौजूद बेटी हर्षिता भी जमीन पर गिर गई। रीमा को भी पेट में दर्द होने लगा। चारों लड़कियों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सक ने सभी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया। सदर अस्पताल जाने के क्रम में अनुष्का व हर्षिता की मौत रास्ते में हो गई।
इस संबंध में थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि विषाक्त तिल के लड्डू, चूड़ा आदि को जब्त कर लिया गया है। इसे जांच के लिए भेजा जा रहा है। प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है कि कहीं भी खाद्य पदार्थ फेंका हुआ हो तो उसे उठाकर कोई ना खाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के संबंध में कुछ कहा जा सकता है।
48 घंटे पहले भी हुई घटना
बताते चलें कि बुधवार को भी थाना क्षेत्र के कुशडंड गांव में विषाक्त तिल का लड्डू खाने से प्रभु विश्वकर्मा के 11 वर्षीय पुत्र अक्षय कुमार की मौत हो गई थी। जबकि 14 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार, 18 वर्षीय पुत्री अर्चना कुमारी व 16 वर्षीय पुत्री श्रेया कुमारी बीमार हो गई थी। वह अब ठीक हैं। प्रभु को यह सामग्री घर के बाहर मिली थी।

