जामताड़ा : झारखंड के जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पारटोल गांव में जयनारायण मंडल के घर की दीवार तोड़कर चार नकाबपोश बदमाश घुस गये और जमकर लूटपाट की. इसके बाद अपराधी पिस्तौल का भय दिखाकर जयनारायण मंडल के 11 वर्षीय बेटे करण मंडल उर्फ काजू मंडल को अपने साथ ले गये. घटना मंगलवार की रात करीब दो बजे की है. घटना के दौरान जयनारायण मंडल पर घर पर नहीं थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पीड़ित परिवार के मुखिया जयनारायण मंडल बाहर में काम करते हैं. जयनारायण मंडल की पत्नी सोनिया देवी ने बताया कि रात में वह बेटे करण के साथ घर में सोयी थी. इसी बीच अचानक चार लोग दीवार तोड़कर घर में घुस आये. नकाबपोश अपराधी हथियार का भय दिखाकर 13 हजार रुपये और सोने की चेन के साथ एटीएम कार्ड भी ले गये. यहां तक कि बदमाशों ने एटीएम कार्ड का पिन कोड भी पूछ लिया और को-आपरेटिव बैंक का खाता भी साथ ले गये. बदमाशों ने जाते-जाते घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया. जयनारायण मंडल के घर से बदमाश जो रुपये ले गये, उसमें नौ हजार दिव्यांग पेंशन के थे, सोनिया देवी दिव्यांग हैं और उसे हाल के दिनों में नौ हजार रुपये मिले थे.
बदमाशों ने जाते-जाते घर की कुंडी को बंद कर दिया था, जिस कारण महिला ने घर से हल्ला किया. आसपास के लोग उसकी आवाज सुनकर घर तक पहुंचे और मामले की जानकारी ली. इसके बाद घटना की जानकारी करमाटांड़ पुलिस को दी. थाना प्रभारी रोशन कुमार पारटोल ने पहुंच कर मामले की पूरी जानकारी ली. बुधवार की शाम एसडीपीओ आनंद ज्योति मिंज ने भी पारटोल पहुंच कर जानकारी ली. बताया जाता है कि करण मंडल गांव के ही स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र है. वह अपने मां-बाप का इकलौता बेटा है. परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है. इधर, सुबह होते ही गांव के लोग बच्चे की तलाश में जुटे गये हैं. बुधवार को पुलिस ने पारटोल गांव के ही संजीत मंडल व उसकी पत्नी को करमाटांड़ थाना ले जाकर पूछताछ की. इसके बाद दोनों को छोड़ दिया गया.
जामताड़ा एसडीपीओ आंनद ज्योति मिंज ने कहा कि मामले को लेकर पुलिस गंभीर है. जल्द उद्भेदन कर लिया जायेगा. अभी तक अपहर्ताओं ने फिरौती की मांग नहीं की है. कई स्थानों पर छापामारी भी की गयी है. पूरे मामले पर पुलिस की नजर है.

