रांची : झारखंड बिजली वितरण निगम ने बिलिंग एजेंसियों को बदल दिया है. अब नयी एजेंसियां बिलिंग का काम देखेगी. यही नहीं, ऊर्जा मित्र को भी बदला जायेगा. निगम अब नये सिरे से ऊर्जा मित्र को बहाल करेगी. इनकी नियुक्ति नये एजेंसी के जरिये की जायेगी. निगम की ओर से सर्वे का काम किया जा रहा है. कोरोना संक्रमण काल की स्थिति सामान्य होने पर ही नयी एजेंसियां काम करेगी. पुरानी एजेंसियों को साल 2017 में काम दिया गया था. इनका एग्रीमेंट तीन साल के लिये था. जब तक एजेंसियां बहाल नहीं हो जाती तब तक उपभोक्ता जेबीवीएनएल की ओर से तैयार इजी बिलिंग और इजी बिजली एप के जरिये मीटर रीडिंग और बिल भुगतान कर सकते है. वर्तमान में पूरे राज्य भर में बिलिंग का काम 3500 ऊर्जा मित्र देख रहे हैं. वहीं, राजधानी रांची में 350 ऊर्जा मित्र बिलिंग का काम कर रहे हैं.
रांची के लिये कंपिटेंट नामक एजेंसी करेगी काम
रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के लिये जेबीवीएनएल ने कंपिटेंट नामक एजेंसी को बहाल की है. एजेंसी की ओर से आपूर्ति क्षेत्र के पांच जिलों में सर्वे का काम किया जा रहा है. सर्वे पूरा होने पर एजेंसी बिलिंग काम शुरू करेगी. फिलहाल साल 2017 से बहाल फ्लूएंट एंड ग्रिड नामक एजेंसी ही पांच जिलों में मीटर रीडिंग कर रही है. बता दें रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में पांच जिला शामिल है. जिसमें रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा शामिल है. रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के महाप्रबंधक पीके श्रीवास्तव ने बताया कि एजेंसी फिलहाल सर्वे काम कर रही है. ऐसे में फिलहाल फ्लूएंड एंड ग्रिड नामक एजेंसी ही मीटर रिडिंग कर रही है. यहां लगभग 350 ऊर्जा मित्र कार्यरत हैं.

