रांची. झारखंड की राजधानी रांची समेत कई जिलों में 10 से लेकर 15 जनवरी तक हल्की बारिश के आसार हैं. इससे पहले राजधानी रांची समेत कई इलाकों में रविवार को बारिश हुई जिससे ठंड में इजाफा भी हुआ. रविवार को झारखंड में रांची समेत अलावा गढ़वा, पलामू, लातेहार व लोहरदगा में भी हल्की बारिश हुई. बारिश के कारण राज्य के कई जिलों का मौसम सर्द हो गया है. मंगलवार को भी झारखंड के उत्तरी और मध्य भाग में कहीं-कहीं बारिश होगी, ऐसे आसार जताये गए हैं.
बारिश के दौरान ही कुछ हिस्सों में वज्रपात और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई जा रही है और इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग की मानें तो आने वाले चार दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. झारखंड के कुछ जिलों में आज और कल यानी सोमवार और मंगलवार को ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग ने हल्की बारिश, मेघ गर्जन और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है. राज्य के उत्तरी और मध्य भाग में सोमवार को कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी, इसे राजस्थान में बने साइक्लोनिक सरकुलेशन का असर माना जा रहा है, इसी वजह से 11 से लेकर 15 जनवरी तक राज्य में कई स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं. बारिश के कारण प्रदेश के कई जिलों का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है.
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के अंदर रात के तापमान में और दो डिग्री की बढ़ोतरी होगी और ठंड में कमी होगी. आने वाले चार दिनों में प्रदेश के शहरों के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखने को मिलेगा.

