लोहरदगा जिले में 5 दिन के बाद शुक्रवार की देर रात इंटरनेट सेवा को बहाल कर दिया गया है। इंटरनेट सेवा बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। विगत 10 अप्रैल 2022 को सदर थाना क्षेत्र के हिरही गांव में रामनवमी शोभायात्रा में पथराव और आगजनी की घटना के बाद भड़की हिंसा को देखते हुए इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया था। जिसके बाद लोगों को काफी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति सामान्य होने का अहसास होने के बाद लोहरदगा जिला प्रशासन के अनुरोध पर इंटरनेट सेवा को फिर से बहाल कर दिया गया है। जिससे लोगों ने राहत महसूस की है। लगातार पांच दिनों तक इंटरनेट सेवा ठप रहने से लोग काफी ज्यादा परेशान थे। लोगों को वित्तीय लेनदेन में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
धीरे-धीरे सामान्य हो रही स्थिति
लोहरदगा जिले के हिरही भोक्ता बगीचा में हिंसक झड़प के बाद अब धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो रही है. सुरक्षा के कड़े इंतजाम है. सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है. खुद डीसी डॉ बाघमारे प्रसाद कृष्ण, एसपी आर रामकुमार स्थिति पर पूरी नजर रखे हुए हैं. अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है. लोहरदगा एसपी आर रामकुमार ने सेन्हा थाना क्षेत्र के अरु गांव में शुक्रवार को पुलिस दल-बल के साथ पहुंच कर हालात का जायजा लिया. सेन्हा थाना क्षेत्र के अरु गांव में बिगड़ रहे हालात को देखते हुए ग्रामीणों से बात कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल करने का अपील की. इस दौरान अरु स्थित मस्जिद का भी मुआयना किया.

