त्रिस्तरीय झारखंड पंचायत चुनाव के पहले चरण की 9819 सीटों पर शनिवार को राज्य के 21 जिलों में मतदान संपन्न हो गया है। इस चरण में 52 लाख 22 हजार 815 मतदाता शामिल थे। लोकतंत्र के इस महापर्व में 14,079 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान सुबह सात बजे से शाम तीन बजे तक हुआ। शाम तीन बजे तक मतदान केंद्रों पर कतार में लगे सभी मतदाताओं को मतदान का अवसर प्राप्त हुआ। मतदान बैलेट बाक्स के माध्यम से हुआ।
पहले चरण की 9,819 सीटों पर पड़ रहे वोट, 30,221 उम्मीदवारों का तय होगा भाग्य
आज हुए मतदान में 30 हजार 221 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा, जिनमें 17,437 महिला उम्मीदवार हैं। इस चरण की कुल 9,819 सीटों में 5,057 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इस चरण में पड़े मतों की गणना 17 मई को होगी। पहले चरण में कोडरमा, जामताड़ा व खूंटी को छोड़कर शेष 21 जिलों के 72 प्रखंडों के 1,117 ग्राम पंचायतों में मतदान हो रहा है। पहले चरण में जिन 14,079 मतदान केंद्रों में मतदान हो रहा है उनमें 5,704 संवेदनशील तथा 5,450 अति संवेदनशील हैं।
पंचायत चुनाव को लेकर शनिवार को उन 72 प्रखंडों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा जहां पहले चरण की सीटों पर मतदान होना है। कार्मिक विभाग ने इस संबंध में गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी। साथ ही जिन पंचायतों में शनिवार को मतदान होना है, उनमें सभी दुकान एवं प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। कार्मिक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कभी-कभी ऐसी भी स्थिति उत्पन्न हो सकती है कि कोई व्यक्ति सामान्य तौर पर पंचायत क्षेत्र में निवास करता हो और उस निर्वाचन क्षेत्र का मतदाता हो। लेकिन वह पंचायत क्षेत्र के बाहर की औद्योगिक इकाई, प्रतिष्ठान या दुकान में कार्यरत हो।

