12वीं राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2022 में हॉकी झारखंड की टीम ने यूपी को 4-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में पहुंची. हॉकी झारखंड की टीम लगातार 10वीं बार सेमीफाइनल में पहुंची है. टीम झारखंड की ओर से दीपिका सोरेंग, रजनी केरकेट्टा, एलिन डुंगडुंग और प्रमोदनी योगी लकड़ा ने गोल कर अपनी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया. हॉकी झारखंड का अगला सेमीफाइनल मैच 2अप्रैल, 2022 को हॉकी महाराष्ट्र से होगा.
13वें मिनट से टीम झारखंड ने बढ़ायी बढ़त
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में 25 मार्च से 3 अप्रैल, 2022 तक आयोजित 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2022 में हॉकी झारखंड की टीम ने गुरुवार को खेले गये अपने क्वार्टर फाइनल मैच में हॉकी यूपी को 4- 0 गोल से पराजित कर लगातार 10वें वर्ष सेमीफाइनल में प्रवेश किया. 13वें मिनट में टीम झारखंड की दीपिका सोरेंग ने शानदार फील्ड गोलकर टीम को 1- 0 से बढ़त दिलायी. इसके 18वें मिनट बाद ही रजनी केरकेट्टा ने गोल कर टीम को 2-0 से आगे बढ़ा दिया. इस दौरान दोनों ओर से बेहतरीन खेल का प्रदर्शन हुआ.
प्रमोदनी और एलिन ने भी किये गोल
इसके बाद 56वें मिनट में प्रमोदनी योगी लकड़ा ने एक और गोल कर टीम का स्कोर 3-0 किया. इसके 4 मिनट बाद यानी 60वें मिनट में एलिन डुंगडुग ने गोल कर टीम का स्कोर 4-0 कर दिया. इसके साथ ही टीम झारखंड ने टीम यूपी को 4-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया.

