जमशेदपुर : कदमा थाना अंतर्गत मरीन ड्राइव मेन रोड बागे बस्ती घोड़ा चौक के पास स्थित टाटा स्टील कंपनी के लगभग 2000 स्क्वायर फुट के जमीन पर चल रहे निर्माणाधीन अतिक्रमण को बुधवार टाटा स्टील कंपनी ने जिला प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमण मुक्त कराया। इस दौरान स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए कंपनी के सुरक्षाकर्मियों के साथ साथ भारी संख्या में पुलिस बल और क्युआरटी की टीम भी मौजूद थी। वहीं अभियान शुरू होते ही अतिक्रमणकारी अपने लोगों के साथ इसका विरोध करने लगे।
जिसके बाद पुलिस सभी को हिरासत में लेकर थाने चली गई। जबकि अभियान के दौरान भाजपा नेता गणेश महाली ने इसे रोकने का भरसक प्रयास किया। मगर वहां मौजूद अधिकारियों के सामने उनकी एक ना चली और अभियान लगातार चलता रहा। इस दौरान वहां बस्ती वासियों की काफी भीड़ लग गई थी। जिसे भारी संख्या में तैनात पुलिस बल ने नियंत्रित कर रखा था। बुधवार की सुबह लगभग 11 बजे से शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान शाम 5 बजे तक चला। जिसके तहत निर्माणाधीन ढांचे को पांच बुलडोजरों की मदद से जमींदोज कर दिया गया।
मौके पर जमशेदपुर अंचलाधिकारी अमित श्रीवास्तव, दंडाधिकारी एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट रश्मि रंजन, टाटा स्टील लैंड विभाग के सीनियर मैनेजर सुनील कुमार समेत जुस्को के अधिकारी भी मौजूद थे। बताते चलें कि भाजपा नेता गणेश महाली के भाई स्पॉट महाली के द्वारा उक्त जमीन का अतिक्रमण कर तीन मंजिला होटल बनाने की योजना थी। साथ ही कई बार कंपनी के द्वारा उन्हें काम रोकने की बात भी कही गई। बावजूद इसके काम चलता रहा। जिसके बाद अतिक्रमण कारी पर टाटा स्टील कंपनी के द्वारा अंचल कार्यालय में बीपीएलई केस भी किया गया था। जिसकी सुनवाई अनुमंडल कार्यालय में हुई और जहां अतिक्रमणकारी जमीन से संबंधित कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जिसके बाद अनुमंडल कार्यालय के निर्देश पर अतिक्रमणकारी कार्य को स्वयं अतिक्रमण हटा लेने की नोटिस भी दी गई। मगर अतिक्रमण नहीं हटा। जिसके बाद ही टाटा स्टील कंपनी ने जिला प्रशासन के सहयोग से यह कार्रवाई की।

