पाकुड़। डीसी पाकुड़ वरुण रंजन के नाम से डुप्लीकेट फेसबुक आइडी बनाकर ठगने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। डीसी वरूण रंजन के आदेश पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डा. चंदन ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज करायी है। उपायुक्त वरूण रंजन ने बताया कि तीन नवंबर को डीपीआरओ से उन्हें पता चला कि किसी व्यक्ति ने पाकुड़ डीसी के नाम पर डुप्लीकेट फेसबुक आइडी बनाया है। इस आइडी के माध्यम से एक व्यक्ति से 50 हजार रूपये की मांग की गई है। आशंका है कि इस तरह की हरकत अन्य लोगों के साथ भी की गई होगी।
इस तरह साइबर ठगी का खुला राज
जिस आदमी से पाकुड़ डीसी के नाम पर फेसबुक मैसेंजर से 50 हजार रुपये की मांग की गई वह झांसे में आ गया। उसे लगा कि डीसी साहब को सही में पैसे की जरूरत है। वह रुपये लेकर उनके घर पहुंच गया। क्योंकि आइडी का उपयोग करने वाले ने पैसा तुरंत पहुंचाने की बात कही है। व्यक्ति ने जब पैसा आवास पर पहुंचाने की बात कही तो उसे आनलाइन भेजने को कहा गया है। ठगी का यह सारा खेल फेसबुक मैसेंजर के माध्यम से किया गया है। इधर मामला सामने आते ही साइबर सेल सक्रिय हो गई है। आइडी की जांच की जा रही है। फिलहाल अभी तक किसी का भी पता नहीं चल पाया है।
डीपीआरओ को जांच का आदेश दिया गया है। जांच में जो भी व्यक्ति का नाम सामने आएगा उसके विरूद्ध पुलिस कार्रवाई करेगी।
– वरूण रंजन, उपायुक्त, पाकुड़

