दुमका. झारखंड के दुमका जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत दुधानी स्थित सरूवा में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ है. यह खुलासा तब हुआ जब एक युवक पिस्टल की डिलीवरी करने के लिए कोलकाता गया था. वहीं कोलकाता एसटीएफ ने आरोपी युवक को धर दबोचा और पूछताछ के क्रम में आरोपी युवक ने बताया कि दुमका के दुधानी स्थित सरवा में गन फैक्ट्री चलायी जा रही है. इस सूचना पर कोलकाता एसटीएफ की 15 सदस्यीय टीम आज दुमका पहुंची और मुफस्सिल थाना पुलिस के सहयोग छापेमारी की. इस कार्रवाई में डेढ़ सौ से अधिक अर्धनिर्मित पिस्टल बरामद किये गये हैं. साथ 3 मशीन को भी जब्त किया गया है.
इस मामले में पांच युवक और एक महिला को पुलिस ने हिरासत में लिया है. ये लोग बिहार के मुंगेर के रहने वाले बताए जा रहे हैं. बता दें कि जिले में ये दूसरी घटना है. पूर्व में दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के पत्ताबाड़ी में रोड के समीप मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ था. वह फैक्ट्री लेथ मशीन की आड़ में चलाई जा रही थी. उस वक्त पटना पुलिस दुमका पहुंची थी और मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया था.
इस बार बंगाल पुलिस पहुंची और मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया. इससे अब दुमका पुलिस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर दुमका के क्षेत्र में गन फैक्ट्री चलाई जा रही है, तो दुमका पुलिस क्या कर रही है? अन्य राज्यों की पुलिस दुमका पहुंचकर कार्रवाई करती है, वहीं इसकी भनक तक दुमका पुलिस को आखिर क्यों नहीं लगती है?
डीएसपी मुख्यालय विजय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कोलकाता एसटीएफ और मुफस्सिल थाने की पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ. अर्ध निर्मित पिस्टल बरामद किये गये हैं. 5 पुरुष और 1 महिला को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई चल रही है.

