देवघर: एयरपोर्ट सेवा चालू होने की उम्मीद बढ़ी है. संभव है कि इसी साल 17 सितंबर को इसका औपचारिक उद्घाटन हो जाये. एयरपोर्ट तक पहुंच पथ के लिये गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे की अपील पर ग्रामीणों ने अपनी जमीन दान देने का फैसला किया है. साथ ही मापी भी करा ली. 12 जुलाई को इसकी रजिस्ट्री भी करा लिये जाने की उम्मीद है.
मालूम हो कि पहुंच पथ के लिये 320 मीटर जमीन की जरूरत थी. इसके अधिग्रहण की प्रक्रिया में देवघर जिला प्रशासन लगने वाला था. रैयतों से जमीन ली जाने वाली थी. जाहिर है इस प्रक्रिया में वक्त लगता. अब सांसद की पहल यह काम तुरंत हो गया. निशिकांत दुबे ने देवघर एयरपोर्ट के एप्रोच रोड के निर्माण के लिये एमपी लैंड फंड से 2.15 करोड़ रुपये के इस्तेमाल की अनुशंसा देवघर डीसी से की थी. इसके बाद 9 जुलाई को डीसी ने उन्हें बताया था कि एप्रोच रोड के लिये रैयती भूमि की जरूरत होगी. भूमि अधिग्रहण में एमपी लैंड फंड का इस्तेमाल करना संभव नहीं बताया था. इसके बाद दुबे ने डीसी को कहा था कि रैयतों से उनकी बात हुई है. उन्हें रोड बनाने में कोई दिक्कत नहीं है. रैयतों को भूमि अधिग्रहण के लिये सरकार से पैसा भी नहीं चाहिये. देश, राज्यहित में वे सहर्ष अपनी जमीन देने को तैयार हैं.

