देवघर: देवघर एयरपोर्ट से आप जल्द ही उड़ान भर सकेंगे। इसको डीजीसीए से अपग्रेडेड लाइसेंस मिल गया है। देवघर एयरपोर्ट के शुरू होने से संथाल परगना इलाके में विकास में और तेजी आएगी। खास बात ये है कि 12 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। संताल परगना क्षेत्र के देवघर हवाई अड्डे को अपग्रेडेड हवाईअड्डा भी लाइसेंस मिल गया है। इससे देवघर एयरपोर्ट से बड़े कमर्शियल उड़ानों के ऑपरेशन का रास्ता साफ हो गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि डीजीसीए ने देवघर एयरपोर्ट को दिए गए लाइसेंस को 3सी से 4आई में अपग्रेड कर दिया है।
इसका मतलब ये हुआ कि देवघर एयरपोर्ट से अब एयरबस 321, बोइंग 737 टाइप और समकक्ष विमानों तक के वाणिज्यिक विमानों के संचालन की अनुमति मिल गयी है।
अपने दूसरे ट्वीट में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया ने इस बात पर ख़ुशी जाहिर की है कि बहुत जल्द ही शुरू होने वाले इस एयरपोर्ट के चालू हो जाने से झारखंड, उत्तरी-पक्षिम बंगाल और दक्षिण-पूर्व बिहार की एयर कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी। साथ ही बैद्यनाथधाम आने वाले श्रद्धालुओं को सालों भर सहूलियत मिलेगी।

