झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश के बाद देवघर जिले के त्रिकूट पहाड़ रोपवे हादसा में लोगों की जान बचाने वाले बलडीहा (देवघर) निवासी पन्नालाल के घर में शौचालय निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री को सूचित करते हुए देवघर के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारी को जांच करते हुए पन्नालाल को आवश्यक सभी योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया गया है.
क्या है मामला
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जानकारी मिली थी कि देवघर के त्रिकूट पहाड़ रोपवे हादसे में 22 लोगों की जान बचाने वाले पन्नालाल के घर में शौचालय तक नहीं है. उनका परिवार खुले में शौच के लिए विवश है. वे सरकार की अधिकतर योजनाओं से वंचित हैं. ये जानकारी मिलते ही सीएम हेमंत सोरेन ने इसे गंभीरता से लिया और देवघर के उपायुक्त को मामले की जांच कर पन्नालाल को जरूरी सभी सरकारी योजनाओं से जोड़ते हुए सूचित करने का आदेश दिया था.
राज्य सरकार ने पन्नालाल को किया है सम्मानित
देवघर स्थित त्रिकूट पहाड़ पर रोपवे हादसे में लोगों की जान बचाने में दिन-रात लगने वाले रोपवे कर्मी पन्नालाल पंजीयारा को पिछले दिनों सरकार ने सम्मानित किया था. राज्य सरकार की ओर से एक लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया था, वहीं सीएम हेमंत सोरेन ने पन्नालाल की जमकर तारीफ की थी. उन्होंने कहा था कि पन्नालाल को केंद्र सरकार से भी सम्मानित करने के लिए आग्रह किया जाएगा.

