झारखंड के धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र के ऊपर कुल्ली में एमआरएफ टायर शोरूम के संचालक रंजीत साव की हत्या से आक्रोशित लोगों ने शनिवार की सुबह झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग पर शव को रखकर और टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया. इसके साथ ही पुलिस प्रशासन के विरुद्ध प्रदर्शन कर नारेबाजी की. सड़क जाम कर रहे लोग जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. इधर, गैंगस्टर अमन सिंह गैंग ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है.
शुक्रवार को हुई हत्या का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें अपराधियों ने मास्क पहन रखा है। घटना के समय रंजीत साव अपने दुकान में बैठे हुए थे। इस दौरान बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे। रंजीत के पास खड़े होकर बात करने लगे। इसी दौरान एक अपराधी ने उन्हें गोली मार दी। फिर दूसरा अपराधी भागने के क्रम में उन पर फिर फायरिंग करता है। दुकान में साफ सफाई कर रही नौकरानी के साथ भी अपराधियों ने मारपीट की। गोली मारने के बाद अपराधी की पिस्टल की मैगजीन भी मौके से बरामद हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

