चिरकुंडा: निरसा और चिरकुंडा में अलग-अलग जगह असामाजिक तत्वों ने पांच दुकानों को छतिग्रस्त कर दिया। निरसा थाना अंतर्गत हरियाजाम टेलीफोन एक्सचेंज के समीप एनएच- 2 के किनारे महावीर दे की चाय दुकान में असामाजिक तत्वों ने शुक्रवार की रात आग लगा दी। इससे 15 से 20 हजार की संपत्ति जलकर खाक हो गई। इस संबंध में भुक्तभोगी ने निरसा थाना में अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज करवाया है। महावीर दे ने बताया कि शुक्रवार की रात आठ बजे वह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे । शनिवार की सुबह स्थानीय लोगों ने खबर दी कि दुकान में किसी ने आग लगा दी है। आग लगने के कारण बांस बल्ली व त्रिपाल जलकर खाक हो गया। मेरी किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी भी नहीं है। पता नहीं किसने जानबूझकर दुकान में आग लगा दी ।
सूचना पाकर पहुंचे कांग्रेस पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष डीएम प्रसाद यादव ने मामले की जानकारी लेते हुए पुलिस से असामाजिक तत्व की पहचान कर कानून सम्मत कार्रवाई करने की मांग की ।
इधर चिरकुंडा थाना अंतर्गत कुमारधुबी स्टेशन के समीप शुक्रवार की देर रात अज्ञात लोगों ने ठेला लगाकर दुकानदारी करने वाले तीन दुकानदारों की दुकान को क्षतिग्रस्त कर चुल्हा तोड दिया । दुकानदारों ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 10 बजे वे सब दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार की सुबह जब चार बजे दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान क्षतिग्रस्त है। चूल्हा को भी तोड़ दिया गया है। धर्मेंद्र सिंह की चाय दुकान, राजू कुमार की चाय दुकान और रमेश कुमार के नास्ता की दुकान क्षतिग्रस्त किया गया है। इस संबंध में पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।

