धनबाद: कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को रोकने तथा लोगों को कोविड एप्रोप्रियेट बिहेवियर का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार, धनबाद, के निर्देश पर बुधवार को इंसिडेंट कमांडर सह अंचल अधिकारी धनबाद प्रशांत कुमार लायक तथा ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार ने सिटी सेंटर के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान लोगों को कोरोना की गंभीरता के बारे में जागरूक किया.
अभियान के दौरान एशियन जालान अस्पताल वाली लेन का प्रयोग कर रॉन्ग साइड से सिटी सेंटर की ओर आने वाले वाहन चालकों को रोका गया और उनसे जुर्माना वसूला गया.
अभियान का नेतृत्व कर रहे इंसीडेंट कमांडर सह अंचल अधिकारी धनबाद प्रशांत कुमार लायक ने बताया कि विगत कुछ दिनों से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में ऐसा अभियान चलाया जा रहा है.
ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में लगातार यह अभियान चलाया जा रहा है. इस दौरान बिना मास्क, बिना हेलमेट या बिना सीट बेल्ट का प्रयोग कर वाहन चलाने वालों से जुर्माना वसूला जा रहा है.

