साइबर ठगी के मामले में
धनबाद अपराधियों का नया गढ़ बन गया है। शहर के बीचोबीच रहकर साइबर अपराधी पूरे देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों से आनलाइन ठगी कर रहे हैं। एक ऐसे ही मामले में गुजरात पुलिस ने धनबाद पुलिस के साथ मिलकर सदर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन अपराधियों ने गुजरात के पाटन जिले के एक व्यवासी से लाखों रुपये की ठगी है। ऑनलाइन ठगी के लिए इन अपराधियों ने लड़की की आवाज निकाली। गुजरात पुलिस की साइबर टीम की मदद से इन अपराधियों को इनके घर से धर दबोचा गया।बुधवार को गुजरात पुलिस ने दोनों गिरफ्तार सायबर अपराधियों को धनबाद न्यायालय में एडीजे -2 के समक्ष प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड लिया।
गिरोह के कई और सदस्यों की तलाश
गुजरात राज्य के पाटन जिले में नवंबर माह में दर्ज साइबर ठगी का एक बड़ा मामला दर्ज किया गया था। पुलिस की जांच में इसके तार झारखंड के धनबाद से जुड़े पाए गए। साइबर टीम के इनपुट के बाद गुजरात पुलिस की तीन सदस्यीय टीम धनबाद पहुंची। धनबाद पुलिस को जानकारी देकर सदर थाना क्षेत्र इलाके में छापेमारी की। इसमें दो लोग पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पूछताछ में पता चला कि इस साइबर ठगी के गिरोह में कई और सदस्य शामिल हैं। इनकी तलाश में भी जिले के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की गई लेकिन यह सभी फरार हो गए। पकड़े गए आरोपियों को लेकर गुजरात पुलिस अब पाटन रवाना होने वाली है।
पूरी जांच के बाद धनबाद पुलिस को देंगे इनपुट
जांच के लिए गुजरात से पहुंची पुलिस टीम ने कहा कि वह इस मामले में फिलहाल कुछ भी नहीं बता सकती। पकड़े गए आरोपियों के नाम का खुलासा भी नहीं कर सकती। इससे गिरोह के दूसरे साथी सतर्क हो जाएंगे। टीम ने कहा कि वह इन आरोपियों को गुजरात ले जाकर पूछताछ करेगी। इसके बाद जरूरी इनपुट धनबाद व झारखंड पुलिस के साथ साझा किया जाएगा।

