जामताड़ा। शुक्रवार को गायपाथर पंचायत के प्राथमिक विद्यालय दलचक के स्कूल शिक्षक कृत्यानंद झा पर इसी स्कूल में पढ़ने वाली पूर्व छात्रा ने छेड़खानी और गलत हरकत का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस मामले में आरोपित शिक्षक को केस दर्ज कर जेल भेज दिया है। पीड़िता के पिता ने आरोपित पर लड़की के साथ दुष्कर्म करने और जान से मारने का भी आरोप लगाया। उन्होंने इस संबंध में डीसी जामताड़ा, डीइओ और बीइइओ कुंडहित को भी आवेदन दिया है। पुलिस मामले को लेकर शुक्रवार को पीड़िता के आरोप के बाद स्कूल में जमकर हंगामा हुआ था और आरोपित के साथ ग्रामीणों ने जमकर मारपीट की थी। बाद में मौके पर पहुंची बागडेहरी पुलिस ने आराेपित को भीड़ से छुड़ाकर अपनी कस्टडी में ले लिया था।
शनिवार को दिनभर पंचायत में होती रही गहमागहमी
इस मामले को लेकर शनिवार को दिनभर दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौते को लेकर बातचीत होती रही। सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक दलचक गांव में मुखिया बीरु मुर्मू की अध्यक्षता में दलचक, गायपाथर एंव चन्द्रनभीठा गांव के ग्रामीणों के साथ बैठक हुई। मामले को सुलझाने का भी प्रयास होता रहा। अंत में जब बात नहीं बनी तो बागडेहरी पुलिस आरोपी शिक्षक कृत्यानंद झा को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस को दिए आवेदन में पीड़िता के पिता ने शिक्षक कृत्यानंद झा पर लड़की के साथ दुष्कर्म करने और जान से मारने की आरोप लगाया है। इस संबंध में बागडेेहरी थाना में शिक्षक को आरोपित बनाया गया है।

