पंचायत चुनाव के पहले चरण में राजधानी रांची जिले के 4 प्रखंडों में मतदान 14 मई को होना है। उन चार प्रखंडों में मुखिया, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य के पद के लिए मतदान होगा। राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार उन पदों के लिए 888 प्रत्याशी मैदान में हैं। पहले चरण में रांची जिले के तमाड़, बुंडू, सोनहातू और राहे के कुल 57 पंचायत में चुनाव होना है।
प्रथम चरण के चुनाव को लेकर हुई तैयारी
प्रथम चरण के चुनाव को लेकर तमाड़, बुंडू, सोनहातू और राहे के 57 पंचायतों के 648 मतदान केंद्रों में चुनाव के लिए 2592 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जबकि 5335 पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। उन चार प्रखंडों में 7 जिला परिषद, 65 पंचायत समिति सदस्य, 57 मुखिया और 648 वार्ड सदस्य पद के लिए चुनाव होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा उन चारों प्रखंडों में गुरुवार की शाम प्रचार थम गया है।
उपयुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने लिया तैयारियों का जायजा
मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर पर उपायुक्त छवि रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र झा ने सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की। उपायुक्त ने कहा कि मतदान सुबह 7 से अपराहन 3 बजे तक संपन्न होगा।निष्पक्ष मतदान के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि निर्भीक और निष्पक्ष एवं भेदभाव रहित मतदान कार्य संपन्न कराने का निर्देश भी दिया गया है। वहीं एसपी झा ने कहा कि चुनाव कार्य में किसी तरह की समस्या और सामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों की सूचना पर वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराने का निर्देश दिया गया है।

