गिरिडीह: गांडेय थाना क्षेत्र के डुमरडीहा निवासी 23 वर्षीय विवाहिता शीला देवी की संदेहास्पद स्थिति में मौत बुधवार की रात हो गई। महिला के पिता सरयू महतो ने इसकी सूचना गांडेय थाना को दी। गांडेय के एसआइ कार्तिकेय सिंह दलबल के साथ वहां पहुंचकर शव को थाना ले आए।
बुधवार को उसके मायके के स्वजनों की उपस्थिति में शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया। शाम को शव पोस्टमार्टम के बाद बाद स्वजनों को सौंप दिया गया। शीला के पिता सरयू महतो के आवेदन पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों पर दहेज को लेकर हत्या करने का मामला दर्ज किया है। वहीं छापेमारी कर शीला के पति प्रकाश यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में गिरिडीह जेल भेज दिया।
ढाई वर्ष पूर्व हुई थी शादी, दहेज के लिए करते थे प्रताड़ित
जमुआ के तरडीहा निवासी सरयू महतो ने बताया कि ढाई वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी बेटी की शादी गांडेय के डुमरडीहा निवासी सुरेश यादव के पुत्र प्रकाश यादव के साथ धूमधाम से की थी। शादी के बाद अक्सर ससुरालवाले बेटी के साथ दहेज में बाइक और डेढ़ लाख रुपये नगदी की मांग को लेकर मारपीट करते थे। इसे लेकर कई बार पंचायती भी हुई थी। इसी बीच 25 जनवरी की रात को उन्हें बेटी की हत्या की सूचना मिली।
पति समेत पांच पर दहेज को लेकर हत्या का मामला दर्ज
एसआइ ने बताया कि सूचना पर जब वे डुमरडीहा पहुंचे तो शीला को घर में खाट पर मृत अवस्था में पाया। स्थानीय ग्रामीणों ने पूछताछ में बताया कि महिला सुबह से घर से गायब थी। शाम को गांव के पोखर में उसका शव तैरता देखा गया। इस पर महिला के ससुरालवालों व ग्रामीणों के सहयोग से उसे पोखर से निकालकर घर लाया गया। मामले में मृतक महिला के पति, ससुर सुरेश यादव, सास सोनिया देवी, देवर बिनोद यादव, चाचा ससुर राजेश यादव पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। जल्द ही जांच पड़ताल के बाद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।

