पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर के बेलवाटिका मोहल्ला निवासी युवक संतोष कुमार को बुधवार को गोली मारकर जख्मी कर दिया गया। घायल संतोष को पुलिस की हाइवे पेट्रोलिंग टीम ईलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंची। संतोष शहर के अमला टोली स्थित पतंजलि के एजेंसी में सेल्समैन का काम करता है। रोजाना की तरह वह घर से सुबह करीब 9.30 बजे काम के सिलसिले में निकला।
पतंजलि के एजेंसी में रिपोर्टिंग के बाद वह पांकी के लिए अपनी टीवीएस विक्टर बाइक से निकला था। इसी दौरान नीलांबर पीतांबरपुर थाना क्षेत्र के जगतपुरवा मोड़ के पास पेशाब करने के लिए रुका था। पेशाब करने के बाद जब बाइक पर बैठा तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो लोग पहुंचे। उस बाइक पर पीछे बैठे शख्स ने हत्या करने की नीयत से उस पर गोली चला दी। गोली सेल्समैन के दाहिने कंधे में लगी। गोली मारने के बाद अपराधी भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ के विजय शंकर और शहर थाना प्रभारी अरुण महथा अस्पताल पहुंचे। जख्मी सेल्समैन से पूछताछ की। जख्मी ने शाहपुर के रहने वाले शशि नामक व्यक्ति का नाम गोली चालन में लिया है। थाना प्रभारी महथा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है। जख्मी ने एक अपराधी का नाम बताया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

