पलामू: शराब कारोबारी रहे बिट्टू सिंह पर अज्ञात अपराधियों ने बीती रात फायरिंग की है। इस दौरान उनकी पत्नी व PDS डीलर रंजू देवी (42) के गाल में गोली लग गई है। वह बुरी तरह घायल हैं, प्राथमिक उचार के बाद पहले MMCH बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी बिटू कुमार सिंह और उनकी पत्नी रंजू देवी (42वर्ष) अपने बच्चे का इलाज करा कर बाइक से लौट रहे थे। लक्ष्मीपुर पंचायत के श्मशान घाट के नजदीक पहले से ही घात लगाए अपराधी अचानक राइफल से गोलियां बरसाने लगे। गोली बिटू सिंह पर लक्ष्य कर चलाई गई थी। लेकिन गोली बाइक पर पीछे बैठे बिटू सिंह की पत्नी को लग गई।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। मामले में शिकायत दर्ज कर पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी में जुट गई है। खबर लिखे जाने तक घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए थे। पुलिस और बिट्टू सिंह दोनों फिलहाल इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

