पलामू ज़िले के शहर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बच्ची की उम्र महज साढ़े पांच साल है। पुलिस का अनुमान है कि बच्ची की हत्या एक दिन पहले गला दबा कर की गई है। पता चला है कि बच्ची पांकी थाना क्षेत्र के तेतराइ गांव निवासी आनन्द कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह की बेटी संजना कुमारी है। बच्ची के दादा सतानंद सिंह कोनवाई हाई स्कूल के प्रिंसिपल हैं। गुरुवार दोपहर तीन बजे के करीब से बच्ची घर से गायब हो गई थी। काफी खोज के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। थाना पहुंचे दादा सतानंद का कहना है कि गांव वालों के मुताबिक बच्ची अपने पिता के साथ आखिरी बार देखी गई थी। पिता का कहना है कि उसने बेटी को समोसा दिलाकर घर के पास ही छोड़ दिया था। इसके बाद वह मेदिनीनगर चला गया। पुलिस इस हत्याकांड के गुत्थी को सुलझाने के लिए बच्ची के पिता से पूछताछ की तैयारी में है। वह बच्ची को खोजने के लिए सुबह से ही घर से निकला हुआ है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
दो घंटे बाद हुई पहचान
शुक्रवार की सुबह शव HP गैस गोदाम रोड में गोरहो मंदिर के पास कोयल नदी के बीच रेत में पड़ा हुआ था। सुबह सात बजे लोगों ने नदी में बच्ची का शव को देखा। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण महथा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआत में बच्ची की पहचान नहीं हो सकी। आस पास के लोग भी बच्ची को नहीं पहचान पाए। पुलिस की कोशिश के बाद शव मिलने के करीब दो घंटे बाद लड़की की पहचान हुई।
