धनबाद: बीसीसीएल के केंद्रीय अस्पताल के नजदीक पान बिक्रेता पिंटू साव को हमलावरों ने पीछे से गोली मारी थी।गोली उसके दाहिने कान के नीचे से लगकर शरीर में फंस गई। फिर अत्यधिक रक्तस्राव होने के वजह से उसकी मौत हो गई। यह खुलासा गुरुवार को पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने किया। हत्या के बाद यह साफ नहीं हो रहा था कि माैत कैसे हुई? अपराधियों ने गोली मारी थी या धारदार हथियार से मारकर हत्या की गई। धनबाद के सरायढेला थाना की पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार था।
बुधवार की रात हुई थी हत्या
सेंट्रल अस्पताल के नजदीक नूतनडीह सड़क के किनारे बुधवार की रात पान दुकानदार पिंटू साव की हत्या कर दी गई थी। पिंटू का शरीर खून से लथपथ हो चुका था। स्वजन तुरंत उसे सेंट्रल अस्पताल ले गये। तब तक उसने दम तोड़ दिया था। सेंट्रल अस्पताल के चिकित्सकों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि कान के पास छेद दिख रहा है। हो सकता है कि गोली भी मारी गई हो। यद्यपि, पोस्टमार्टम के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा। इस कारण पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार था।
सेंट्रल अस्पातल के नजदीक पिंटू की पान की दुकान
सेंट्रल अस्पताल के द्वार के नजदीक पिंटू पान की गुमटी चलाता है। रोज की तरह रात साढ़े नौ बजे दुकान बंद कर वो नूतनडीह में अपने घर जा रहा था। नूतनडीह सड़क पर पहुंचते ही दो लोगों ने उसे रुकवाया। संयोग से चाचा सतेंद्र साव भी उसके साथ बाइक पर थे। दोनों युवकों की पिंटू से बकझक शुरू हो गए। यह देखकर उसके चाचा बाइक से उतर गए। कुछ लोगों को बुलाने के लिए वापस पान गुमटी के पास आए। अचानक उन्हें तेज आवाज सुनाई दी। वापस गए तो देखा कि पिंटू का शरीर खून से लतपथ है। झगड़ा करने वाले दोनों युवक भाग गए थे। पिंटू के चाचा सतेंद्र ने बताया कि वे दोनों युवकों को नहीं पहचानते हैैं। पहली बार उन युवकों को देखा है। घटना के बाद नूतनडीह के दर्जनों लोग सेंट्रल अस्पताल में जमा हो गए। वे अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।

