रांची: भारतीय पुलिस सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी आर के धान की पत्नी डॉ निरोला नवरंगी की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गयी।
डॉ निरोला नवरंगी अपने पति और बच्चों के साथ रांची के चुटिया इलाके में रहा करती थी और वह राज्य के कई शहरों में सिविल सर्जन के रूप में अपनी सेवा भी दे चुकी हैं। लेकिन मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की वजह से उन्होंने झारखंड सरकार से कार्यमुक्त करने का आवेदन भी दे रखा था। बताया गया है कि सोमवार की रात वह बाथरूम में गिरी हुई पायी गयी, जिसके बाद आनन-फानन में उसे रिम्स में भर्ती कराया गया,जहां इलाज के क्रम में देर रात उनकी मौत हो गयी।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि कीटनाशक खाने के कारण उनकी मौत हुई, हालांकि उन्होंने जानबूझ कीटनाशक खाया या गलती से कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया, इस संबंध में अभी पूरी जानकारी नहीं मिल पायी है।
सोमवार देर रात मौत के बाद 65 वर्षीय डॉ निरोला नवरंगी के शव को रिम्स के मॉर्चरी में रखा गया और आज उनका पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है, ताकि मौत की असली वजहों का खुलासा हो सके।
