मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट विधानसभा क्षेत्र के विधायक रह चुके प्रशांत मंडल के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने उनके स्वजन से मुलाकात की। रोते-बिलखते स्वजन को ढांढस बंधाया। उनके सामाजिक जीवन और राजनीतिक योगदान की चर्चा की। ईश्वर से दुख सहन करने की क्षमता प्रदान करने की प्रार्थना की। मालूम हो कि कि प्रशांत मंडल अपने इलाके का तीन बार प्रतिनिधित्व कर चुके थे। सोमवार को रांची में हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया था। वह करीब 60 वर्ष के थे।
झारखंड मुक्ति मोर्चा से अपने राजनीतिक करियर की उन्होंने शुरुआत की थी। बाद में वह भाजपा में चले गए थे। अंतिम समय में वह भाजपा से जुड़े रहे। सांस लेने में परेशानी होने के कारण वह मेडिका अस्पताल में भर्ती कराए गए थे। इलाज के दौरान सोमवार रात उनका निधन हो गया था। पुत्र शिवम मंडल के अनुसार, पार्थिव शरीर मंगलवार को रांची से पोड़ैयाहाट स्थित पैतृक आवास ले जाया जाएगा। वहां लोग उनका अंतिम दर्शन करेंगे। इसके बाद ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
झारखंड के सभी दलों के नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया है। कहा है कि प्रशांत मंडल का कार्यकाल उल्लेखनीय रहा है। वह अपने क्षेत्र में काफी लोकप्रिय रहे। ताउम्र लोगों की सेवा में समर्पित रहे। उनके निधन से झारखंड की राजनीति का एक कोना सूना हो गया है।

