रांची: राजधानी रांची में शनिवार की दोपहर हुई जोरदार बारिश ने एक बार फिर शहर का बुरा हाल कर दिया। कई इलाकों में सड़कें तालाब बन गई। सड़कों पर चल रहे चार पहिया वाहन पानी में डूबे हुए दिख रहे थे। नाले का गंदा पानी सड़क पर बह रहा था। बारिश के साथ साथ बिजली चमक रही थी। कुछ इलाकों में वज्रपात की सूचना है। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है। तेज बारिश के साथ शहर के कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इस कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। जरूरी काम से घर से निकले लोगों को जहां-तहां घंटों गुजारने पड़े। रांची में जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था ना होने के कारण हल्की बारिश में भी सड़कों पर जलजमाव हो जाता है। हालात में सुधार के लिए नगर निगम की तरफ से दिए जाने वाले आश्वासन के बावजूद हालात जस के तस बने रहते हैं।


