बोकारो में आग में जलकर एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना बेरमो थाना क्षेत्र की है। ढोरी स्टॉफ क्वार्टर में रहने वाले परशुराम नाम के व्यक्ति ने ठंड से बचने के लिए अंगीठी जलाई थी। रात के वक्त अंगीठी से घर में आग लग गई। इसमें वृद्ध की जिंदा जलकर मौत हो गई। बुधवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव के अवशेष को अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया गया।
बताया जाता है कि वृद्ध व्यक्ति घर में अकेले सो रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ सुबह मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को घटनास्थल पर जाने से राेक दिया। बताया कि मामले की जांच पूरी होने तक घर में किसी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जा सकता। जांच के बाद पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसा लगता है कि यह हादसा है। जांच के लिए भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम रूप से कुछ कहा जा सकता है। बेरमो थाने के SI दीपक कुमार साह ने कहा कि इस मामले की जांच चल रही है।

