बोकारो जिले के गोमिया में मां-बेटी की लाश बरामद की गई है। घटना गोमिया थाना क्षेत्र के हजारी पंचायत के गरवाडीह बस्ती में हुई है। मरने वाली महिला की पहचान 51 वर्षीय लक्ष्मी देवी तथा लड़की की पहचान 17 वर्षीय पम्मी कुमारी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह दोनों की लाश घर के अंदर फंदे से लटकते हुए देखी गई। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने हजारी मुखिया चंद्रदीप पासवान को दी। मुखिया ने थाना प्रभारी आशीष खाखा को मामले की जानकारी दी।
इसके बाद गोमिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब तक मौत के कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। मौके पर फंदे से लटकते शव को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि मां-बेटी ने एक साथ आत्महत्या की है। पुलिस दावा कर रही है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हर रोज की तरह शुक्रवार की सुबह परिवार के लोग गाय को चारा खिलाने नहीं निकले। यह देखकर पड़ोस के लोगों ने घर के बाहर पहुंचकर आवाज़ दी। अंदर से कोई जवाब नहीं मिली। छत पर देखा तो अंदर का दरवाजा बंद मिला। इसके बाद कुछ लोगों ने एक साथ मिलकर दरवाजा खोला। घर के अंदर मां का शव फंदे से लटका हुआ दिखा। बरामदे में बेटी का शव लटक रहा था। स्थानीय लोगों का कहना कि दोनों एक साथ आत्महत्या नहीं कर सकती है ।
वर्ष 2013 में लक्ष्मी के पति की मौत संदेहास्पद परिस्थिति में हो गई थी। उसका नाम खेमन गोप था। पति का शव बगल के तालाब में मिला था। महिला के तीन बेटियां और एक बेटा है। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। बेटा राजू यादव नौकरी के लिए चेन्नई गया है। महिला के घर से जमीन का पट्टा और आभूषण गायब हैं।महिला दूध बेचकर अपने परिवार का जीवन चला रही थी।

