गुमला: गुमला जिले की बिशुनपुर पुलिस ने भाकपा माओवादी के समर्थक करचा निवासी सुरेंद्र उरांव को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया है। बिशुनपुर थाना प्रभारी सदानंद सिंह ने बताया कि करचा निवासी सुरेंद्र उरांव भाकपा माओवादी के लिए काम करता था। साथ ही वर्ष 2019 में चर्चित भाजपा कार्यकर्ता ब्रजेश साहू हत्याकांड में वह अभियुक्त था। घटना के बाद से वह फरार था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सुरेंद्र उरांव करचा गांव आया हुआ है। वह घर में रह रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार की अहले सुबह गांव जाकर सुरेंद्र उरांव को धर दबोचा। पुलिस ने सुरेंद्र के घर से बारूद, छर्रा व अन्य सामान भी बरामद किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि सुरेंद्र उरांव वर्तमान में भाकपा माओवादी के सब जोनल कमांडर रविंद्र गंजू के सहयोगी के रूप में काम कर रहा था।
गिरफ्तारी के विरोध में ग्रामीण पहुंचे थाना
बिशुनपुर थाना क्षेत्र के करचा गांव से पुलिस ने सुरेंद्र उरांव को गिरफ्तार किया। इसके विरोध में शनिवार को गांव के दर्जनों लोग बिशुनपुर थाना आ पहुंचे। यहां लोगों द्वारा बताया गया कि सुरेंद्र उरांव माओवादी का पेशेवर सहयोगी नहीं है। जब माओवादी गांव आ जाते हैं, तो मजबूरी में उनकी कही हुई बात माननी पड़ती है। इस कारण सुरेंद्र द्वारा उनकी मदद की गई थी। वहीं स्वजनों ने बताया कि वर्ष 2019 में जब ब्रजेश साहू की हत्या हुई थी, उस दरम्यान सुरेंद्र उरांव रांची में रहकर मजदूरी का काम करता था। वह इस घटना में निर्दोष है। वहीं थाना प्रभारी सदानंद सिंह ने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि यह पुराना केस है, और उसी के आधार पर सुरेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेजा रहा है।

