सिमडेगा: कभी नक्सलियों के आतंक के लिए चर्चित रहे झारखंड के सिमडेगा जिले की माटी को अब नई पहचान मिल रही है। जिले की बेटियां एक के बाद एक नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।ओलंपिक के मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य रहीं सिमडेगा की सलीमा टेटे के बाद प्रतिभाओं की नई खेप सामने आने लगी है। आगामी 27 दिसंबर से बेंगलुरु में आयोजित होने जा रही भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम के राष्ट्रीय कैंप के लिए जिले 4 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। वहीं झारखंड से कुल 6 बेटियां इस कैंप में शिरकत कर रही हैं। इस कैंप में विभिन्न राज्यों से कुल 60 महिला हॉकी खिलाड़ियों को शामिल होने का मौका मिला है। इन सभी खिलाड़ियों का विशेष प्रशिक्षण शिविर चलेगा। आगामी 12 जनवरी को इनका ट्रायल लिया जाएगा। इसमें बेस्ट 33 खिलाड़ियों का चयन कर सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम के कोर ग्रुप में रखा जाएगा।
झारखंड के सिमडेगा से इन कैंप में संगीता कुमारी,सुषमा कुमारी तथा अल्फा केरकेट्टा को मौका मिला है। इसके अलावा सलीमा टेटे पूर्व से ही टीम में है। वहीं खूंटी से ओलंपियन निक्की प्रधान तथा रांची से रीमा बाखला शाामिल हैं। संगीता कुमारी और सुषमा कुमारी पूर्व से जूनियर इंडिया टीम में शामिल रहीं हैं। वहीं ही 2016 में अल्फा केरकेट्टा जूनियर एशिया कप में भारतीय टीम के गोलकीपर की भूमिका निभा चुकी हैं। बेंगलुरु में आयोजित होने वाला कैंप 27 दिसंबर 2021से लेकर 28 जनवरी 2022 तक चलेगा। हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष सह हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ,हॉकी सिमडेगा के कमलेश मांझी,प्रतिमा बरवा, एलशन कीड़ों,सुनील तिर्की, पंखरा सियूस टोप्पो, वेद प्रकाश भोक्ता,तारिणी कुमारी,प्रतिमा तिर्की, करिश्मा परवार , बसंत बा,फादर बेनेदिक कुजुर,फादर पौलुस बागे, टिंटूस बड़ा,नवीन मिज,बलबीर प्रसाद सहित हॉकी सिमडेगा के समस्त पदाधिकारियों ने चुने गए खिलाड़ियों को बधाई दी।
हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने कहा कि यह पहली बार है, जब सिमडेगा जिला की 4 खिलाड़ियों झारखंड के 6 खिलाड़ियों का चयन एक साथ भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम के राष्ट्रीय कैंप के लिए हुआ है।

