जमशेदपुर: सोनारी बाल विहार में रहने वाली महिला सुषमा कुशवाहा (22) की शनिवार सुबह MGM अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सुषमा ने शुक्रवार की सुबह जहर खाया था। इधर, परसुडीह के गदड़ा में रहने वाले मृतका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए जबरन जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मायके पक्ष ने अस्पताल में ही जमकर हंगामा किया। सुषमा की 8 माह पूर्व ही शादी हुई थी।
मृतका के चाचा राजधर कुशवाहा ने बताया- भतीजी ने शुक्रवार की सुबह जहर खाया। लेकिन ससुराल वालों ने इसकी जानकारी उन्हें नहीं दी। सुबह जब भतीजी की मौत हो गई तब फोन कर उन्हें घटना की सूचना दी गई। उन्होंने बताया ससुराल में दहेज के लिए भतीजी को प्रताड़ित किया जाता था। भतीजी को जबरन जहर खिलाकर मारा गया है। उसकी शादी दिसंबर 2020 में सोनारी के बाल विहार में रहने वाले सोनू कुशवाहा से हुई थी। सोनू दिल्ली में एक प्राइवेट जॉब करता है।
दहेज के मारपीट का आरोप गलत: सोनू
इस मसले पर मृतका के पति सोनू कुमार ने कहा- दहेज के लिए सुषमा को प्रताड़ित करने की बात गलत है। मंगलवार को वह दिल्ली से घर लौटा था। बुधवार को पत्नी के साथ उसकी किसी बात को लेकर अनबन हो गई थी। इसके बाद से पत्नी नाराज चल रही थी। शुक्रवार की सुबह उसने खेत में छिड़कने वाला कीटनाशक पी लिया। उसकी तबीयत बिगड़ी तो उसे एमजीएम लाया गया। दोपहर तक वह नाॅर्मल हो गई थी। सुबह अचानक उसकी मौत हो गई। सोनू ने बताया- पत्नी ने ही मायके वालों को उसके द्वारा जहर खाने की बात नहीं बताने की बात कही थी। इस कारण उसके मायके वालों को इसकी जानकारी नहीं दी गई थी।

