रांची: रांची और कोडरमा में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 22-22 नए संक्रमित मिले हैं। इन दो जिलों में संक्रमितों में अचानक हुए इजाफे ने स्वास्थ्य महकमे की चिंता बढ़ा दी है। कोडरमा में बड़ी संख्या में मरीज मिलने से संक्रमण के प्रसार की आशंका बढ़ गई है।
स्टेट IDSP (इंटीग्रेटेड डिजिज सर्विलांस प्रोग्राम) अधिकारी का कहना है, ‘संक्रमण को नियंत्रित नहीं किया गया तो संभव है कोडरमा और रांची से ही राज्य में संक्रमण का प्रसार हो जाए। इसे देखते हुए हेल्थ डिपार्टमेंट ने ज्यादा संक्रमण वाले जिलों में कंटेनमेंट जोन बनाने और सघन कांटैक्ट ट्रेसिंग का निर्देश दिया है।’
हेल्थ सेक्रेटरी ने DC को किया अलर्ट
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने सभी DC को कोरोना जांच बढ़ाने और संक्रमितों को अलग कर उनका इलाज करने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने वैक्सीनेशन में तेजी लाने और मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग समेत सभी कोरोना प्रोटोकॉल को हर हाल में लागू करने की हिदायत दी है। उन्होंने सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में तत्काल संक्रमण रोधी कार्रवाई शुरू करने की भी हिदायत दी है।
24 दिन में 179 नए मरीज मिले
नवंबर के बाद राज्य में तेजी से कोरोना के एक्टिव मरीज कम हो रहे थे। 1 दिसंबर तक 100 से नीचे पहुंचकर राज्य में मात्र 94 एक्टिव मरीज थे। 24 दिन में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 273 हो गई है। बीते 24 घंटे में झारखंड में कोरोना के 55 नए मरीज मिले हैं।
सबसे ज्यादा रांची और कोडरमा में 22-22 कोरोना के नए संक्रमित मिले हैं। कोडरमा में एक्टिव केस की संख्या 90 पर पहुंच गई है। वहीं, रांची में एक्टिव केस की संख्या 113 हो गई है।

