रांची (खूंटी): जिला के मुरहू तथा खूंटी थाना क्षेत्र में दो युवकों ने फंदे से झूल कर आत्महत्या कर ली। पहली घटना मुरहू थानांतर्गत इन्दीपीडी गांव में बुधवार अपराहन हुई। यहां गांव के ही जीतन सिंह मुंडा नामक 22 वर्षीय युवक ने लूंगी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर मुरहू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक छानबीन के बाद शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। दूसरी घटना गुरुवार सुबह शहर के खूंटीटोली बस्ती में हुई। यहां छोटू कच्छप नामक 25 वर्षीय युवक ने फंदे से झूल कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही खूंटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। गुरुवार को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव को पुलिस ने उनके स्वजनों को सौंप दिया। इस संबंध में खूंटी तथा मुरहू थाना में अस्वाभाविक मौत का एक-एक मामला दर्ज किया गया है।

